गुजरात में भीषण पुल हादसा: आणंद-पादरा को जोड़ने वाला पुल माही नदी में गिरा, 3 की मौत

आणंद/वडोदरा: गुजरात के आणंद और पादरा को जोड़ने वाला एक पुराना पुल बुधवार को ढह गया, जिसका एक बड़ा हिस्सा सीधे माही नदी में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

यह पुल वडोदरा के पास माही नदी पर बना था। इसके टूटने के कारण कई वाहन, जिनमें ट्रक और पिकअप वैन शामिल थे, नदी में गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि यह पुल लगभग चार दशक पुराना था। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोगों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया।

सरकार ने दिए जांच के आदेश

गुजरात सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का मध्य भाग ढहने से तीन लोगों की मौत हुई है और पांच को बचा लिया गया है। पांच-छह अन्य लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।”

उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री ने हमें पुल विशेषज्ञों और तकनीकी टीम से दुर्घटना के कारणों की जांच कराने का निर्देश दिया है। 1985 में बने इस पुल की समय-समय पर मरम्मत की जाती रही थी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मरम्मत के बावजूद यह दुखद घटना घटी। मुख्यमंत्री ने पहले ही 212 करोड़ रुपये की लागत से एक नए पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी थी।”

आणंद के कलेक्टर प्रवीण चौधरी ने बताया, “बचाव अभियान वडोदरा की तरफ से चलाया जा रहा है। हमने आणंद की ओर से ट्रैफिक रोक दिया है। यह पुल वडोदरा जिले के अंतर्गत आता है।”

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

इस हादसे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुजरात कांग्रेस के नेता अमित चावड़ा ने कहा, “इस पुल से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं? अगर पुल खतरनाक था, तो इसे बंद कर देना चाहिए था। यह घटना सरकार की गंभीर लापरवाही के कारण हुई है।”

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता इसुदान गढ़वी ने इसे एक मानव निर्मित आपदा बताया। उन्होंने कहा, “एक ट्रक और एक पिकअप समेत चार वाहन नदी में गिर गए हैं। अगर पुल जर्जर था तो यातायात क्यों नहीं रोका गया?”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here