इजराइल ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को मॉडर्न हिटलर कहा है। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि खामेनेई मॉडर्न हिटलर हैं। उनके जैसे तानाशाह को जीने का अधिकार नहीं है। उन्होंने हमेशा अपने एजेंटों के जरिए इजराइल को खत्म करना चाहा है।
काट्ज का यह बयान आज सुबह इजराइल के चार शहरों- तेल अवीव, बीर्शेबा, रमत गण और होलोन पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद आया है। ईरान ने 30 मिसाइलें दागीं, जिनमें 7 मिसाइल तेल अवीव स्थित इजराइली स्टॉक एक्सचेंज बिल्डिंग, बीर्शेबा में एक अस्पताल सहित कई जगहों पर गिरीं।
इन हमलों में 176 लोग घायल हुए हैं। 6 लोगों की हालत गंभीर है। इजराइली डिफेंस सिस्टम ने बाकी मिसाइलों को गिरने से रोक दिया। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हम ईरान से इजराइली नागरिकों और अस्पतालों पर हमले की पूरी कीमत वसूलेंगे।
ईरान और इजराइल के बीच जंग सातवें दिन में पहुंच गई है। अब तक इजराइल के 24 लोग मारे गए हैं। वहीं, वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 639 हो चुका है और 1329 लोग घायल हुए हैं।


