कानपुर में भाजपा नेता रवि सतीजा से जुड़े मामले में गिरफ्तार अधिवक्ता अखिलेश दुबे पर सरकारी और गैर-सरकारी जमीनों पर अवैध कब्ज़ा करने का आरोप लगा है.
कानपुर में वकील पर अवैध कब्ज़े का आरोप

भाजपा नेता रवि सतीजा पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने और 50 लाख रुपये वसूलने के मामले में गिरफ्तार हुए अधिवक्ता अखिलेश दुबे पर कई अन्य आरोप भी लगे हैं. इनमें सबसे बड़ा आरोप सिविल लाइन में ग्रीन पार्क के सामने स्थित वक्फ बोर्ड की 150 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्ज़ा करना है. आरोप है कि अखिलेश दुबे और उनके साथियों ने फर्जी दस्तावेजों की मदद से इस जमीन को हड़प लिया.
अधिवक्ताओं सौरभ भदौरिया और आशीष शुक्ला की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू की. जांच में अखिलेश दुबे को इस मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि अखिलेश दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर वक्फ बोर्ड और शत्रु संपत्ति के रूप में घोषित जमीन को मृत व्यक्तियों की पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी से हथिया लिया है. जिला प्रशासन इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है.





