मुंबई लोकल में ‘मराठी बनाम हिंदी’ विवाद: सड़कों पर पहुंचा भाषाई टकराव
मुंबई: महाराष्ट्र में ‘मराठी बनाम हिंदी’ का संवेदनशील मुद्दा अब सड़कों और सार्वजनिक परिवहन तक पहुँच गया है. हाल ही में मुंबई की सेंट्रल लाइन की एक लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में भाषा को लेकर तीखी बहस देखने को मिली. सीट को लेकर शुरू हुआ यह मामूली विवाद देखते ही देखते भाषाई टकराव में बदल गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो लोकल ट्रेन मुम्बई हिंदी बनाम मराठी विवाद
“हमारे मुंबई में रहना है, तो मराठी बोलो”
वायरल वीडियो में एक महिला मराठी में अन्य महिलाओं से कहती सुनाई दे रही है, “हमारे मुंबई में रहना है, तो मराठी बोलो, नहीं तो बाहर निकलो.” इस बहस में ट्रेन में यात्रा कर रही अन्य महिलाएँ भी शामिल हो गईं और मामला भाषाई विवाद का रूप ले गया. यह घटना सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन के महिला बोगी में हुई बताई जा रही है. भाषा को लेकर बढ़ते इस टकराव को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं.
संवेदनशील भाषाई अस्मिता का मुद्दा
महाराष्ट्र में ‘मराठी बनाम हिंदी’ विवाद एक जटिल सामाजिक मुद्दा है, जो भाषाई अस्मिता, सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़ा हुआ है. पिछले दिनों महाराष्ट्र में कुछ उत्तर भारतीयों की पिटाई के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिन्होंने हिंदी का समर्थन किया था. दरअसल, महाराष्ट्र में मराठी भाषा को राज्य की मातृभाषा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है. हालांकि, पिछले कुछ समय में महाराष्ट्र, खासकर मुंबई में, हिंदी भाषी लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है. कुछ मराठी भाषी समुदायों द्वारा हिंदी भाषी लोगों की बढ़ती संख्या को मराठी संस्कृति और भाषा पर ‘आक्रमण’ के रूप में देखा जा रहा है, और यही सोच अब विवादों का रूप ले रही है.
MNS की प्राथमिकता ‘मराठी’ लेकिन अन्य भाषाओं का सम्मान भी ज़रूरी
राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) विशेष रूप से हिंदी भाषी उत्तर भारतीयों के खिलाफ अभियान चलाती रही है. राज ठाकरे का कहना है कि मुंबई और महाराष्ट्र में मराठी को प्राथमिकता दी जाए. स्कूलों में भी मराठी को अनिवार्य बनाने की मांग उठती रही है. यह विवाद तभी सुलझ सकता है जब महाराष्ट्र में मराठी को प्राथमिकता मिले, लेकिन साथ ही हिंदी और अन्य भाषाओं का भी सम्मान हो. शिक्षा, रोजगार और प्रशासन में एक संतुलित भाषा नीति अपनाई जाए, तभी यह भाषाई टकराव कम हो सकता है.
दुकानदार की पिटाई और राज ठाकरे का स्पष्टीकरण
हाल ही में महाराष्ट्र सरकार द्वारा मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में अनिवार्य करने के फैसले ने इस विवाद को एक बार फिर बढ़ा दिया है. इसके बाद मुंबई के मीरा रोड इलाके में एक दुकानदार की पिटाई का मामला भी सामने आया. इस घटना पर राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि दुकानदार को उसके रवैये के कारण पीटा गया था, न कि मराठी न बोलने के कारण. हालांकि, यह भाषाई विवाद अब आम लोगों के बीच भी खुले तौर पर देखने को मिल रहा है, जैसा कि लोकल ट्रेन की घटना में सामने आया है.







