जालंधर में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक फौजा सिंह का निधन हो गया। वे 114 वर्ष के थे। यह हादसा पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर हुआ, जब फौजा सिंह सैर कर रहे थे। एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, फौजा सिंह सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने गांव ब्यास पिंड के पास पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे के किनारे सैर करने निकले थे। सैर के दौरान जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
ब्यास पिंड के कुछ युवाओं ने फौजा सिंह को सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया और तुरंत उन्हें जालंधर के श्रीमन अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे उनका निधन हो गया।
ब्यास पिंड के पंचायत सदस्य गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वे दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गांव से कार लेकर जालंधर जा रहे थे। गांव के प्रवेश द्वार पर पहुँचते ही उन्होंने देखा कि फौजा सिंह सड़क के बीच में गिरे हुए थे।





