मेघालय में इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला फिर से सुर्खियों में है। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए एक और नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है। यह लड़का हत्या के आरोपियों के संपर्क में था, लेकिन अभी तक उसकी भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है।
जेल में बंद हत्या के आरोपी आकाश, आनंद और विशाल को अपने किए पर बहुत पछतावा हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, वे ठीक से सो नहीं पा रहे हैं, क्योंकि हर समय राजा का चेहरा उनकी आंखों के सामने रहता है। वे जेल में अधिकारियों और कर्मचारियों से नींद की गोलियां मांगते हैं, यहां तक कि यह भी कहते हैं कि अगर नींद की गोलियां नहीं मिल सकतीं, तो उन्हें जहर ही दे दिया जाए।

इस बीच, राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वे दोनों सामान्य रूप से खा-पी रहे हैं और सो रहे हैं। वे किसी भी आम कैदी की तरह जेल में रह रहे हैं।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। इसके बाद 20 मई को वे हनीमून के लिए निकले, जहां 23 मई को राजा की हत्या कर दी गई। आरोप है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज और उसके तीन दोस्तों (आकाश, विशाल और आनंद) के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची और उसकी लाश खाई में फेंक दी। बाद में जब तीनों दोस्त पकड़े गए, तो सोनम ने यूपी में सरेंडर कर दिया था।





